स्मार्ट सिटी में 138.5 हेक्टेयर में से 8.5% नहीं, 17% इलाके में रखना होगा ग्रीन कवर

स्टेट एन्वायर्नमेंट इम्पेक्ट असेसमेंट अथॉरिटी (सिया) ने स्मार्ट सिटी कंपनी को साफ कर दिया है कि टीटी नगर एबीडी (एरिया बेस्ड डेवलपमेंट) एरिया में कुल प्लानिंग एरिया 138.5 हेक्टेयर का 17 फीसदी यानी 23.53 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधरोपण करना होगा। इसका आशय है कि एबीडी एरिया में सिटी फॉरेस्ट और एेसे पार्क जहां कोई अन्य गतिविधियां न हों, विकसित करना होंगे। साथ में एबीडी एरिया के चारों ओर पौधरोपण करना होगा।


एन्वायर्नमेंट क्लियरेंस में इस बात का भी उल्लेख है कि स्मार्ट सिटी कंपनी को कम से कम दो मीटर ऊंचाई के 30 हजार पेड़ लगाना होंगे और इसके लिए प्रोजेक्ट कम्पलीट होने का इंतजार करने की बजाय कंस्ट्रक्शन के दौरान ही पौधरोपण करना होग। एन्वायर्नमेंट क्लियरेंस में नीम, महानीम, गुलमोहर, मौलश्री, करंज, पुत्रंजीवा जैसे एवरग्रीन पेड़ों की 17 प्रजातियों का उल्लेख है। मौजूदा स्थिति यह है कि स्मार्ट सिटी कंपनी ने केवल 8.5 प्रतिशत यानी 11.77 हेक्टेयर एरिया ही ग्रीन दिखाया है और उसमें भी स्टेडियम व दशहरा मैदान को भी शामिल कर लिया गया है, जो मूल रूप से ही ईसी की अनुमति का उल्लंघन है। पीएसपी (सार्वजनिक, अर्ध सार्वजनिक) लैंडयूज को कतई ग्रीन नहीं माना जा सकता। ईसी ने भी अपनी अनुमति में ग्रीन बेल्ट डेवलपमेंट, प्लांटेशन लिखा है।


दरअसल, स्टेट एन्वायर्नमेंट इम्पेक्ट असेसमेंट अथॉरिटी (सिया) ने 23 अगस्त 2018 को स्मार्ट सिटी एबीडी प्रोजेक्ट को दी गई एन्वायर्नमेंट क्लियरेंस में भूलवश 8.5 प्रतिशत ग्रीन एरिया दर्ज हो गया था। पिछले दिनों सिया की बैठक में इसे सुधारते हुए 17 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया और एक शुद्धि पत्र (कोरिजेंडम) स्मार्ट सिटी कंपनी को भेजा गया। खास बात यह है कि स्मार्ट सिटी कंपनी ने भी अपने प्रस्ताव में 17 प्रतिशत ग्रीन रखने की ही बात की थी, लेकिन तब तक एबीडी एरिया का मास्टर प्लान तैयार नहीं हुआ था। बाद में एबीडी एरिया के मास्टर प्लान में कंपनी ने इसे ताक पर रख दिया और 8.5 प्रतिशत को आधार बनाकर मास्टर प्लान बना लिया। इसमें भी पीएसपी को ग्रीन बताया जा रहा है।


बिना अनुमति जगह-जगह करा लिए बोरिंग
बोरिंग की भी नहीं है अनुमति-ईसी ने पानी के लिए बोरिंग की अनुमति नहीं दी है पर कंपनी ने निर्माण के लिए जगह-जगह बोरिंग कर ली है। बदलना होगी पूरी प्लानिंग-सिया के इस पत्र के बाद स्मार्ट सिटी कंपनी को अब अपनी पूरी प्लानिंग बदलना होगी।


लिखा पत्र... स्थानीय रहवासियों व व्यापारियों ने सिया से की शिकायत
टीटी नगर रहवासी और व्यवसायी संघ के अध्यक्ष विजित पाटनी और सचिव त्रिभुवन मिश्रा सहित अन्य ने सिया को लिखे पत्र में शिकायत की है कि स्मार्ट सिटी कंपनी एन्वायर्नमेंट क्लियरेंस का उल्लंघन कर रही है। उन्होंने अपनी शिकायत में इस बात का भी उल्लेख किया है कि कंपनी ने केवल 892 पेड़ काटने की अनुमति ली है, जबकि मौके पर इससे कई गुना अधिक पेड़ काट दिए गए हैं। पाटनी और मिश्रा ने कहा कि जिस तरह से नियमों का उल्लंघन एक सरकारी एजेंसी द्वारा किया जा रहा है, वह समझ से परे है। 


हम नियमों व आदेशों का पालन करेंगे 
सीईओ दीपक सिंह के मुताबिक,  स्टेट एन्वायर्नमेंट इम्पैक्ट असेसमेंट अथॉरिटी (सिया) का पत्र मिल गया है। इस मामले में इतना ही कहा जा सकता है कि हम नियमों और आदेशों का पालन करेंगे।